तमाम ड्रामे के बाद आखिरकार भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मुकाबला होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में रविवार को यह मैच खेला जाएगा आंकड़ों में हमेशा ही भारतीय टीम का पलड़ा भारी है और जब बात विश्व कप की हो तो पाकिस्तान कहीं भी भारत के सामने नहीं टिक पाता है। ये दोनों टीमें पिछले एक दशक से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रही हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मैच आईसीसी या एसीसी टूर्नामेंट में ही होते हैं। इसलिए फैंस को इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार रहता है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड

टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक आठ बार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सात बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि एक बार पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में सफल रही है। वनडे और टी20 दोनों विश्व कप मिलाकर भारतीय टीम सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है। यह मैच 2021 टी20 विश्व कप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था। पाकिस्तान की टीम किसी भी मैदान पर भारत के सामने नहीं टिक पा रही है और ऐसा लगता है कि अब उसे हार की आदत सी ही पड़ गई है। दोनों टीमें पिछले साल एशिया कप में तीन बार एक दूसरे से खेली थीं और तीनों ही मौकों पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी जिसमें एशिया कप का फाइनल मुकाबला भी शामिल है। अब भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो दोनों ही तरफ भावनाओं का ज्वार उच्चतम स्तर पर रहेगा। पिछले कुछ समय से जिस तरह दोनों देशों के बीच तल्खी देखने मिली है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि इसका असर मैदान पर भी देखने मिल सकता है। आइए जानते हैं कि टी20 विश्व कप में जब दोनों टीमें भिड़ी हैं तो क्या हुआ है...

2007 टी20 विश्व कप

1. ग्रुप स्टेज: भारत ने पाकिस्तान को बॉल आउट में हराया

2007 में पहला टी20 विश्व कप खेला गया था। पहले ही विश्व कप के ग्रुप स्टेज के 10वें मैच में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं। तब पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी की और रॉबिन उथप्पा के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 141 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम भी 20 ओवर में सात विकेट पर 141 रन ही बना सकी थी। मिस्बाह उल हक ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए थे। उस वक्त सुपर ओवर नहीं होता था, बल्कि उसकी जगह बॉल आउट खेले जाते थे। जिसमें दोनों टीमों की ओर से एक-एक करके पांच बार गेंदबाजों को विकेट पर हिट करना था। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा और हरभजन सिंह ने विकेट पर हिट किया और वे सफल रहे। जबकि पाकिस्तान की ओर से उमर गुल, यासिर अराफात और शाहिद अफरीदी मिस कर गए और भारत ने यह मैच जीत लिया।

2007 टी20 विश्व कप

2. फाइनल: पाकिस्तान को पांच रन से हराकर भारत बना चैंपियन

ग्रुप स्टेज के बाद फाइनल में भी दोनों टीमों की भिड़ंत हुई। भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। गौतम गंभीर के 54 बॉल पर 75 रन और रोहित शर्मा के 16 गेंद पर 30* रन की बदौलत भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर कुल 157 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज धाराशाई हो गए। रुद्र प्रताप सिंह, इरफान पठान और जोगिंदर शर्मा के आगे पाकिस्तान टीम की एक न चली। 141 रन तक पाक टीम ने नौ विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, मिस्बाह उल हक तब भी क्रीज पर थे। आखिरी ओवर में पाकिस्तान टीम को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी।  धोनी ने चाल चलते हुए बॉल जोगिंदर शर्मा के हाथों में दिया। ओवर की दूसरी बॉल पर मिस्बाह ने छक्का लगाया। तीसरी बॉल पर उन्होंने फाइन लेग पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, पर बॉल में स्पीड कम होने के कारण बॉल बाउंड्री लाइन क्रॉस नहीं कर पाई और श्रीसंत के हाथों में चली गई। भारत ने यह मैच पांच रन से जीता।

2012 टी20 विश्व कप

3. सुपर 8: भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया

भारत के विश्व चैंपियन बनने के बाद पाकिस्तान भी कहां चुप रहने वाला था। पाकिस्तान टीम इस टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में चैंपियन बनी। इसमें भारत से उसका सामना नहीं हुआ। वहीं, 2010 विश्व कप में भी दोनों टीमें नहीं भिड़ीं। 2012 में भारत और पाकिस्तान का सुपर-8 राउंड में मुकाबला हुआ। पाकिस्तान टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य 17वें ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली 61 बॉल पर 78 रन बनाकर नाबाद रहे। वीरेंद्र सहवाग ने 29 रन और युवराज सिंह ने 19 रन की नाबाद पारी खेली।

2014 टी20 विश्व कप

4. ग्रुप स्टेज: भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया

2014 टी20 विश्व कप में एक बार फिर भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में भारत ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट ने 36 रन और सुरेश रैना ने 35 रन की पारी खेली।

2016 टी20 विश्व कप

5. सुपर 10: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया

2016 में दोनों टीम सुपर-10 राउंड में भिड़ीं। बारिश की वजह से मैच को 18 ओवर का ही कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 118 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विराट ने 37 गेंद पर नाबाग 55 रन और युवराज ने 23 गेंद पर 24 रन की पारी खेली और मैच छह विकेट से जीत लिया। 

2021 टी20 विश्व कप

6. सुपर-12: पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया

2021 में दोनों टीमें पांच साल बाद टी20 विश्व कप में आमने-सामने हुईं और पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ पहली बार जीत हासिल की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही भारतीय टीम ने तीन अहम विकेट गंवाए। कप्तान कोहली के अर्धशतक की बदौलत भारत ने 151 रन बनाए। आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने शानदार खेल दिखाया और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। रिजवान ने नाबाद 79 और बाबर ने नाबाद 68 रन बनाए। पाकिस्तान यह मैच 10 विकेट से जीता।

2022 टी20 विश्व कप

7. 2022 सुपर-12: भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया

टी20 विश्व कप के सुपर-12 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया था। मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया। विराट कोहली टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 53 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154.72 का रहा। इस पारी के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दोनों टीमों के बीच यह मैच काफी रोमांचक रहा था और कोहली की ये अविश्वनीय पारी आज भी फैंस की यादों में ताजा हैं। 

IND vs PAK: भारत के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं पाकिस्तान के ये पांच खिलाड़ी, उस्मान तारिक से रहना होगा सतर्क

T20 World Cup: कोलंबो की पिच पर स्पिनरों को मिलती है मदद, पाकिस्तान के खिलाफ वरुण साबित होंगे तुरुप का इक्का?

8. 2024 ग्रुप स्टेज: भारत ने पाकिस्तान को छह रन से हराया

भारत ने 2024 विश्व कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा था और पाकिस्तान को छह रन से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई थी। जवाब में पाकिस्तान की टीम काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी। 14वें ओवर में एक वक्त पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन था। इसके बाद मैच पलटा। रिजवान-शादाब आउट हुए। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए और इफ्तिखार का विकेट लिया। 20वें ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। हालांकि, अर्शदीप ने सिर्फ 11 रन खर्च किए और इमाद वसीम का विकेट लिया।इस तरह टीम इंडिया ने असंभव को संभव में बदल दिया। टीम इंडिया की हार निश्चित लग रही थी, लेकिन बुमराह-अर्शदीप, सिराज और हार्दिक की तेज गेंदबाजी की चौकड़ी ने भारत को मैच जिता दिया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर के बाद सात विकेट पर 113 रन बना सकी। भारत की ओर से बुमराह ने तीन विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, हार्दिक ने दो विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप और अक्षर को एक-एक विकेट मिला।