चोरों ने चूर किए अरमान, जिन जेवरों से श्रृंगार कर बनने वाली थी दुल्हन, वही चुरा ले गए
रीवा: मऊगंज जिले से चोरी की एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां पर रहने वाले एक परिवार पर तब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब बेटी की शादी पक्की होने के बाद शादी से पहले लड़के वालों के यहां तिलक लेकर गए परिवार के घर लाखों की चोरी हो गई. परिवार जब वापस लौटा तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई. घर में घुसे बदमाश, वो सारे जेवरात अपने ले जा चुके थे जिससे श्रृंगार कर के बेटी अपने ससुराल जाने वाली थी. चोरो ने बेटी के साथ उसके माता पिता के भी अरमानों को चूर-चूर कर दिया. लाखों रुपए के सोने चांदी से बने जेवरात और नगदी की राशि को चोरी करके चोरों ने परिवार से शादी की खुशियां ही छीन लीं.
घर से तिलक लेकर गए परिजन, उधर चोरों ने घर को बनाया निशाना
सूने घर में हुई चोरी की यह वरदात मऊगंज जिले में स्थित बरयाकला ग्राम पंचायत के कुसड़ी गांव की है. यहां पर रहने वाले रामशंकर पाण्डेय की बेटी का विवाह मऊगंज के ही हनुमना थाना क्षेत्र स्थित नाउन गांव में तय हुआ था. बेटी के विवाह की तारीख 19 फरवरी की रखी गई थी. शादी से ठीक पहले बीते शनिवार को तिलक लेकर परिवार के सभी सदस्य लड़के वालो के यहां गए हुए थे. देर रात जब परिवार के लोग अपने घर वापस लौटे तो उनके पैरो तले जमीन ही खिसक गई. उन्होंने घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ पाया. घर के अंदर का बिखरा हुआ सारा सामान देखकर उन्हें बड़ी अनहोनी की आशंका हुई. जब उन्होंने घर के अंदर चारों तरफ नजर घुमाई तो उनके होश उड़ गए. पेटी, सूटकेस और अलमारी सभी के ताले टूटे हुए थे.
20 हजार नगदी और 31 लाख के सोने चांदी के जेवरात की चोरी
परिवार का आरोप है की उनके घर से तकरीबन 14 तोला सोना और लगभग 2 किलो 180 ग्राम चांदी से बने जेवरात व 20 हजार रुपए नगदी चोर ले गये हैं. गहनों की कीमत लगभग 31 लाख 61 हजार है. घर में हुई चोरी की वारदात की सूचना परिजनों ने तत्काल पुलिस की डायल 112 को दी, जिसके बाद सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन करते गए घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए.
जिसको दी थी घर की रखवाली की जिम्मेदारी उसी पर आशंका
पीड़ित रमाशंकर पाण्डेय ने बताया की, "शनिवार को जब घर के सभी सदस्य तिलक लेकर हनुमना गए थे तब घर की दुकान में ताला लगाकर पड़ोसी को घर की चाभी सौंपते हुए घर की रखवाली करने का जिम्मा सौंपा था. इसके बाद शनिवार और रविवार की दरमियानी रात तकरीबन 1 बजे सभी लोग जब वापस लौटे तो घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था, लेकिन घर के अंदर का सारा समान बिखरा हुआ पड़ा था, अलमारी और शूटकेस के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखे सोने और चांदी से बने लाखों के जेवरात गायब थे. जबकि घर के पीछे का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था. परिजनों ने जिसे घर की चाभी दी थी और रखवाली का जिम्मा सौंपा था उसी पर आशंका जताई है.
घर में हुई चोरी की घटना से पीड़ित परिवार आहत
परिजनों ने मांग की है की जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करके आरोपियों को पकड़ा जाए और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए. जिससे दोबारा इस तरह की घटनाऐं न हों. वहीं, घटना को लेकर मऊगंज एसडीओपी सची पाठक का कहना है कि चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की थी और मौके से साक्ष्य भी एकत्रित किए. परिचित लोगों पर आशंका जताई जा रही है. मामला दर्ज किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सोना-चांदी को नहीं छुआ, घर से गायब हुआ ये कीमती सामान; पुलिस भी हैरान
वंदना कॉन्वेंट स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 30 से ज्यादा बच्चे और शिक्षक घायल
Ravichandran Ashwin का बड़ा खुलासा, चेन्नई में ऐसा क्या हुआ कि छोड़ना पड़ा IPL?
Madhya Pradesh में बसों में पैनिक बटन और VLTD अनिवार्य, नहीं लगाने पर परमिट रद्द
Ladli Behna Yojana की 35वीं किस्त, लाडली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपये
भोपाल के बड़ा तालाब पर बुलडोजर एक्शन: अवैध निर्माण हटाने का महा अभियान शुरू