भोपाल|मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का अजीब मिजाज देखने को मिल रहा है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है. कई शहरों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है|अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है. सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में दिन के समय लू जैसी गर्मी महसूस की गई. मंगलवार को भी प्रदेश में तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई गई है|

पिछले साल से ज्यादा दर्ज हो रहा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मार्च में गर्मी पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा महसूस की जा रही है. भोपाल, इंदौर, रीवा और शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 से 2.7 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया है. वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान सामान्य से 3.1 से 4.6 डिग्री तक अधिक है. प्रदेश के आधे से ज्यादा इलाकों में दिन का तापमान 35 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच चुका है|

कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब

मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है. सोमवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में भी तापमान 38 डिग्री या उससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और उज्जैन सबसे ज्यादा गर्म रहे, जहां तापमान 37 डिग्री के पार चला गया. भोपाल में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री दर्ज किया गया|

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा की दिशा में बदलाव भी तापमान बढ़ने की एक बड़ी वजह है. फिलहाल हवा उत्तर-पूर्व की जगह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही है. हवा में नमी की मात्रा भी काफी कम हो गई है. इसके अलावा रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं भी प्रदेश में गर्मी बढ़ा रही हैं|

15 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च के बाद प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. फिलहाल अगले चार दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है|